मंगलवार, 11 नवंबर 2014

हिमालय की गोद में --2

3 नवम्बर
गंग्टोक से लाचेन

----------------------
कल नाथुला से लौटते हुए अँधेरा होगया था और इतनी थकान भी होगई कि बाजार जाकर कुछ शॉपिंग करने का विचार छोड़ना ही पड़ा । यहाँ जितनी जल्दी सुबह होती है ( हालाँकि सूरज किसी सभापति की तरह देर से ही आता है और शाम होने से पहले ही चल भी देता है ।) उससे कही ज्यादा जल्दी शाम होजाती है । चार बजे ही सूरज पर्वत के पार जाने की तैयारी कर लेता है इसीलिये सभी कार्यालय चार बजे बन्द होजाते हैं (जैसा रवि ने बताया) ।
आज लाचेन पहुँचना है । कल शाम को ही तय होगया था कि साढ़े सात बजे तक हम लोग निकल जाएंगे लेकिन रवि का दस बजे तक कोई अता-पता नही । होटल मालिक लामाजी सहित सभी परेशान हैं । कई बार कोशिश करने पर फोन द्वारा पता चला कि वह कहीं ट्रैफिक में फँसा है । 

व्यग्रता भरी प्रतीक्षावधि का अन्त दस बजे हुआ । तब तक सफर का उत्साह असन्तोष व हल्के तनाव में बदल चुका था लेकिन रवि का चेहरा देख रोष जताने की इच्छा लगभग खत्म होगई ।
लगभग 28 वर्ष का स्वस्थ सुन्दर हँसमुख रवि राय कुशल ड्राइवर है । बातों बातों में उसका बुलन्द ठहाका किसी तेज जलधारा की तरह खामोशी और उदासीनता की कालिमा को दूर बहा लेजाता है । देता है । हँसते समय उसकी छोटी-छोटी आँखें लगभग बन्द होजातीं हैं ।
रवि भाई आज का सफर कुछ ज्यादा ही लेट होगया --प्रशान्त ने कहा तो वह बड़े विश्वास से बोला--नही सर ..हाँ कुछ लेट तो हुआ है पर हम टाइम से पहुँच जाएंगे ।
लाचेन गंग्टोक से लगभग 130 कि.मी.दूर है । साधारण रास्ते में, फिर ज़ाइलो जैसी गाड़ी के लिये  लगभग ढाई या बमुश्किल तीन घटे का सफर है लेकिन लाचेन पहुँचते पहुँचते अँधेरा होगया ।

इलायची के पौधे । इलायची जमीन में मूँगफली की तरह लगती हैं ।
खूबसूरत तीस्ता हर मोड़ पर हमारे साथ रही

याद नही आता कि कितने शिखर पार किये या कि दो चार शिखरों पर ही गाड़ी ऊपर नीचे घूमती रही । कभी खिड़की से शिखर के ऊपरी भाग में कोई गाड़ी चलती दिखती तो आँखें खुली की खुली रह जातीं थीं कि हमें वहाँ तक जाना होगा या कि नीचे झाँकने पर हैरानी होती कि क्या इतने नीचे जाकर आ रहे हैं । सभी शिखर एक जैसे । नीचे तीस्ता नदी की कल कल बहती चंचल धारा हर मोड़ पर हमारे साथ थी । सघन वन के बीच सँकरा मार्ग घनी केशराशि के बीच निकाली गई माँग जैसा था जो वहाँ से गुजरते हुए ही नजर आता था ।
अगर जरा सी चूक से सैकड़ों फीट नीचे तीस्ता में जल समाधि लेने की आशंका को कोई जगह न मिले तो उस मार्ग में अपने आपको भुला देने के अनगिन मनोहर उपादान हैं। समझ में ही नही आता कि कदम कदम पर माँ की गोद से मचलकर उतरते चंचल बालक जैसे झरनों को गिना जाय या ,छोटी छोटी चट्टानों पर उछल-कूद करती तीस्ता की नीलाभ हरीतिमा वाली धारा की उन्मुक्तता के साथ साहचर्य बनाया जाय या घने जंगल में सुनसान रास्तों पर विचरती किशोरियों को अभयदान देती हुई सी पवित्र घाटियों पर मुग्ध हुआ जाय या पहाड़ की ममतामयी गोद में आराम से एक-दो घरों में ही पूरा गाँव बसा लेने की प्रवृत्ति पर चकित हुआ जाय या फिर कठिन दुर्गम राहों को आत्मसात् कर ,सीमित आवश्यकताओं में ही परिपूर्णता का अहसास करने वाली अलौकिक सी चेतना के आगे नत-मस्तक हुआ जाय ..। इतनी व्यस्तता में कैसी दुर्गम दूरी और कैसी थकान ।

छोटे चंचल झरने तो पग पग पर आपका स्वागत करते हैं ।

लाचेन में लामाजी ने कोई ईको-नेस्ट नामक होटल बुक किया था । मजे की बात यह हुई कि इस नामके होटल की जानकारी किसी को नही थी । ऊपर से नीचे ,इधर से उधर कई चक्कर लगाने और लोगों से पूछने के बाद जो मकान हमें ईकोनेस्ट के नाम पर मिला वहाँ से तो हम कई बार गुजरे थे ।
ईको नेस्ट होटल क्या ,एक मकान था जो घर भी था और उसी में तीन-चार कमरों को कुछ साज-सज्जा व सुविधायुक्त बनाकर होटल का रूप भी दे दिया था । वहीं एक कमरे में खाने का इन्तजाम था जिसे गृह-स्वामिनी ही संचालित करती थी । सो खाना अपने घर जैसा ही मिला ।
गहराती रात और सर्दी के चलते देर तक जागना-बतियाना संभव नही था । पर इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि हमें तीन बजे ही जागकर तैयार होना था । चार बजे तक हर हाल में गुरुडोंगमार झील की ओर प्रस्थान जो करना था ।
दरअसल लाचेन में रात्रि विश्राम उस लगभग 17500 हजार फीट की ऊँचाई पर स्थित झील तक पहुँचने का पड़ाव मात्र है।


4 नवम्बर
सुबह चार बजे जबकि आसमान में तारे पूरी चमक के साथ जगमगा रहे थे । दूर दूर तक सिर्फ अँधेरा था । न कोई पहाड़ न कोई नदी । बस अँधेरा और अँधेरा । लगातार एक घंटे तक गाड़ी की हेडलाइट में सिर्फ रास्ता दिखाई देता रहा । हमारे आगे दो गाड़ियाँ और भी थीं जो गुरुडोंगमार लेक जा रही थीं । सुनसान में तो एक चिड़िया भी सम्बल बन जाती है पर यह हमारा विचार था । रवि तो "चल अकेला...", वाली बेफिक्री के साथ गाने सुनकर झूमता हुआ गाड़ी चलाने में तल्लीन था ।
जब सुर्मई धु्न्ध धीरे धीरे धूसर उजाले में बदलने लगी थी हम ऐसी जगह पहुँच चुके थे जहाँ हरियाली के नाम पर एक झाड़ी भी नही थी । बस गन्तव्य तक पहुँचने की जल्दी में हड़बड़ाती-भागती ,चट्टानों से फिसलती-फलांगती तीस्ता नदी थी ,मटमैली पथरीली जमीन थी ,ऊबड़-खाबड़ रास्ता था और सिर पर सफेद तौलिया सी लपेटे मटमैले धूसर पहाड़ थे । चोटियों पर जैसे किसी ने बड़ी बेतरतीबी से चूना बिखरा दिया था । 

बर्फ को देखना रोम रोम में एक उल्लासमय तरंग जगा देता है । पहाड़ और समुद्र को देखने की अनुभूति लगभग समान ही महसूस हुई फिर भी जाने क्यों पहाड़ मुझे ज्यादा निकट महसूस होते हैं। हरियाली से पूर्ण वंचित हिमाच्छादित श्रृंग सांसारिक माया-मोह से मुक्त हुए तपलीन ऋषि की तरह शान्त ध्यान-मग्न लग रहे थे।
लाचेन से गुरुडोंगमार के लम्बे बर्फीले और थकान भरे सफर में थांगू नामक छोटी सी जगह पड़ाव का कार्य करती है । यहाँ चाय मैगी आदि के साथ बर्फ पर चलने के लिये जूते मिलते हैं । दुर्गम मार्ग में ऐसे पड़ाव अपने घर की अनुभूति देते हैं । बीच बीच में सेना के जवानों का भी सहयोग कम नही होता ।

गुरुडोंगमार झील--एक अलौकिक सा दृश्य

गुरुडोंगमार झील हिमालय की अत्यन्त ऊँचाई पर स्थित झीलों में से एक है । बताया गया कि गुरुडोंगमार बौद्ध गुरु पद्मसंभव का ही एक नाम है । कुछ के मतानुसार से झील का सम्बन्ध गुरुनानक से भी है ।
लगभग 17400 फीट ऊँचाई पर गुरुडोंगमार झील
झील के किनारे पहुँचकर हमारी आँखें झँपकना ही भूल गईं । निरभ्र नीले आकाश तले हिमाच्छादित शिखरों के बीच और नीली झील का सौन्दर्य अनुपम था । आसमान जैसे हमारे अगल-बगल था । झील बहुत बड़ी नही है पर एक बहुत बड़ी नदी को आकार देती है । इसी से निकलती धारा आगे तीस्ता नदी का रूप ले लेती है । रवि ने बताया कि असल में तो तीस्ता का उद्गम एक और झील है-शू लामो, जो यहाँ से चार पाँच कि.मी. दूर है ।
तीस्ता झील में से यों अपना रास्ता बना रही है
वहाँ सेना की इजाजत के बिना नही जाया जा सकता । इज़ाजत ले भी लेते पर हमारे पाँव तो इज़ाजत देने तैयार ही नही थे । वैसे भी वहाँ देर तक नही रुका जा सकता था । बेहद बर्फीली हवा के थपेड़ों के साथ साँसों पर भी एक शिकंजा सा कस जाता है । लगता है कि नसों में खून है ही नही । प्रशान्त के साथ मैं भी नीचे झील तक पहुँच गई । लेकिन वापस चढ़कर आना बहुत भारी पड़ गया ।
वापसी में एक बार फिर थांगू में रुके । लौटते हुए हमेशा ही रास्ता अपेक्षाकृत आसान व सुन्दर लगता है । पर इतना सुन्दर (और खतरनाक भी) होगा यह जाते समय अँधेरे में नही दिखा था ।


पर्वत तेरे कितने रंग
 ऊचाई कम होने के साथ ही पहाड़ों की हरियाली लौट आई थी पर काफी सँकरा और ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर खतरे की आशंका उस सौन्दर्यानुभूति में किसी रोड़े की तरह आरही थी ।कभी अचानक आया अँधेरा मोड़ साँसों को स्थिर कर देता ,था पर तीस्ता माँ की तरह हर समय हमारी उँगली थामे रही , यह कहते हुए कि डरने की क्या बात है ।
"झील के लिये इतनी जल्दी जाने का कारण समझ नही आया रवि "--मेरी बहुत देर से कुनमुनाती हुई जिज्ञासा आखिर उठकर बैठ ही गई । रवि ने उसका समाधान करते हुए कहा कि ग्यारह बजे के बाद यहाँ कोई नही रुकता क्योंकि यहाँ हवाएं तेज होजातीं हैं । कंकड़-पत्थर तक उड़ने लगते हैं ।
"तो सैनिक ?"
"उन्होंने तूफानों से दोस्ती करली है।" यह कहकर रवि हँस पड़ा । मैं एक बार फिर सेना के लिये नत-मस्तक होगई । 
लाचेन तक उतरते उतरते सूरज भी उतरने लौटने को तैयार था । हमने जल्दी-जल्दी खाना खाया क्योंकि अँधेरा होने से पहले हमें लाचुंग जो पहुँचना था ।

जारी......।

रविवार, 9 नवंबर 2014

छह दिन हिमालय की गोद में




2 नवम्बर --गंग्टोक की सुहानी सुबह ।
-----------------------------
आँखें खुलते ही सामने दूर शिखरों पर चमकती हुई धूप ने मन में ढेर सारा उजाला भर दिया है । शहर के ऊपरी भाग में पेड़ों पर धूप की वह सुनहरी चिड़िया चहचहाने लगी है पर नीचे हिस्से में सड़कों पर अभी धुँधलका सा है । पहाड़ पर गहरी हरियाली के बीच अटके किरणों के उजले लाल सुनहरे गुच्छे देख अनायास ही मन से निकल उठता है--"ये कौन चित्रकार है ।"

धूप और धुन्ध का यह अद्भुत सम्मिलन मैंने पहली बार देखा हैं जो हिमालय में ही संभव है । बाहर हल्की सर्दी है पर सौ कदम चलने पर ही वह हाँफ और हल्की ऊष्मा में बदल जाती है अगर वे सौ कदम चढ़ाई की ओर हों । यहाँ सड़कों पर चलना ही अपने आप में भस्त्रिका प्राणायाम का जबरदस्त अभ्यास है ।
शायद यह शिखरों पर गूँजती सी धूप की ही ओप है कि मटमैली सी छाँव में डूबी सड़कें गलियाँ भी कुनमुनाती हुई जाग चुकीं हैं । यावची होटल के आरामदायक कमरे से दिखती सुदूर कंचनजंघा की दुग्ध-धवल चोटी ने मन को आश्चर्य और पुलक भर दिया है ।

गंग्टोक--हिमालय की गोद में बसा खूबसूरत शहर

प्रशान्त की तमाम आशंकाओं को मिटाती हुई ( वह मेरी चिन्ता किसी माँ की तरह करता है ) मैं कल 1नवम्बर को दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) पहुँच ही गई । दिल्ली से बागडोगरा तक का वायुमार्गीय सफर दो घंटे बीस मिनट का है । 'गो-एअर' का हवाईजहाज बादलों की जमीन पर सरकता हुआ ठीक एक-पचपन पर बागडोगरा एअरपोर्ट पर उतरा । कुछ ही देर बाद बैंगलोर से प्रशान्त व सुलक्षणा आगए । मान्या दौड़ती हुई आई और मुझसे लिपट गई मेरी सारी थकान छूमन्तर होगई । उत्साह से परिपूर्ण सुलक्षणा ने मुझे किसी अभिभावक की तरह शाबाशी देने के अन्दाज में कहा---वाह मम्मी...यह हुई न बात !"
फिर प्रशान्त से बोली---"देखा , मैं न कहती थी कि मम्मी 'मैनेज' कर सकतीं हैं ?"
एयरपोर्ट के बाहर 'ज़ाइलो' के साथ एक पहाड़ी युवक रवि राय हमारा इन्तज़ार कर रहा था ।
बागडोगरा से रांगपो तक पश्चिम बंगाल है उसके बाद सिक्किम शुरु होता है साथ ही तीस्ता नदी का मनोरम अंचल जिसे थामकर चलते हुए माँ के स्नेह की सी अनुभूति होती है ।


जब हम गंग्टोक पहुँचे ,आसमान जैसे अपना साज-सामान लेकर पहाड़ों में उतर आया था । उसने बेशुमार सितारों से पहाड़ों का बदन सजा दिया था । जिधर देखो सिर्फ दीपमालिकाएं जगमगा रहीं थीं । कहीं सुदूर जुगनू से भी चमक रहे थे ।
गंग्टोक काफी साफसुथरा और सुन्दर हराभरा शहर है । ढालान पर बसे इस शहर की व्यवस्था दर्शनीय है और अनुकरणीय भी । 
पैदल चलने वालों के लिये मजबूत रेलिंग वाला फुटपाथ है ।

बाजार में किसी भी तरह का वाहन ले जाना वर्जित है । कल शाम मुझे बड़ा अच्छा लगा कि लोग किसी मेले की तरह महात्मा गान्धी रोड बाजार में टहल रहे थे । बच्चे सड़क पर दौड़ रहे थे । बीच बीच में बैठने के लिये बैंच भी रखी गईं हैं ।

कविता सार्थक होगई
सुबह आठ बजते-बजते हम लोग नाथुला के लिये निकल पड़े हैं । नाथुला चौकी 14200 फीट की ऊँचाई पर भारत-चीन सीमा पर बनी है । गंग्टोक से नाथुला तक का लगभग पचपन किलोमीटर ( जैसा कि ड्राइवर ने बताया ) का रास्ता काफी संकरा और दुर्गम है । उत्तुंग शिखरों की उँगली थामे सँकरे पथरीले कच्चे और धूलभरे रास्ते पर चलती गाड़ियाँ उन बच्चों जैसी लग रही थीं जो किसी भी तरह अपनी जिद पूरी करना चाहते हैं ।


नाथुला-चौकी  
नथुला चौकी पर पहुँचना एक अद्भुत रोमांचक अनुभव है ।सर्वथा प्रतिकूल मौसम ,बर्फ की चट्टानों के बीच जहाँ साँस लेना भी कठिन होता है , जवानों का अपने देश की सुरक्षा के लिये अडिगता के साथ डटे रहना गर्व , कृतज्ञता और श्रद्धा से भर देता है । तब समझ में आता है कि माखनलाल चतुर्वेदी जी ने ऐसा ही कुछ अनुभव कर लिखा होगा---
"मुझे तोड़ लेना बनमाली उस पथ में देना तुम फेंक ।
मातृभूमि पर शीश चढ़ाने जिस पथ जाएं वीर अनेक ।"
अपनी सीमाओं के वीर प्रहरियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने कविता की कुछ पंक्तियाँ मेरे मुँह से भी बरबस ही फूट पड़ीं--
..."जहाँ हवा भी जम जाती है
तुम भरते हुंकार ।
नज़र जमाए दुश्मन पर
हर आहट पर टंकार ।
पन्थ तुम्हारे पुष्प बना मन
करता अभिनन्दन ।
मातृभूमि के पहरेदारो
मेरा तुम्हें नमन ।"
मेरे साथ कई लोगों ने दोहराया---"मातृभूमि के पहरेदारो मेरा तुम्हें नमन ।"
कविता सुनकर जवानों की आँखों में जो भाव देखा , मुझे लगा कि कविता को ,जो सिर्फ कल्पनाओं व भावनाओंवश लिखी थी , अब सही अर्थ मिला है । सचमुच सारा देश उनका ऋणी है । 

एक बार किसी ने कहा था कि यह तो उनकी नौकरी है ,ड्यूटी है..। वे लोग आकर देखें कि ऐसी दुर्गम जगह पर क्या कोई सिर्फ वेतन के लिये जा सकता है ? वहाँ तो, 'सीस काट कर भुँइ धरै चलै हमारे साथ' वाला जज़्बा रखने वाले ही जा सकते हैं । उनके उत्सर्ग को मोल क्या चुकाया जा सकता है ? देश के लिये जीने मरने वाले लोग अपनी सुविधाएं नही देखते । ऐसा होता तो देश कभी आजाद ही नही होता ।


  
मुझे आश्चर्य के साथ खेद भी हुआ कि देश की सबसे महत्त्वपूर्ण व संवेदनशील जगह कितनी उपेक्षित व वीरान सी है । हालाँकि मुश्किल है फिर भी बहुत ज्यादा जरूरी है कि उस रास्ते को चौड़ा और सुगम बनाया जाए । ताकि मातृभूमि के वे पहरेदार वीर जांबाज अपने लक्ष्य तक का सफर आसानी से तय करके लक्ष्य पर डटे रहने के लिये ऊर्जा बचा सकें । निश्चित ही यह हमें चीन से सीखना चाहिये ।
 
जारी...........

गुरुवार, 23 अक्टूबर 2014

ज्योतिर्मय यह पर्व है

ज्योतिर्मय यह पर्व है ,
जगर-मगर उजियार।
ऐसे ही शाश्वत रहे ,
अन्तर्मन उजियार ।


नेह और विश्वास का , हो प्रवाह अविराम ।
इन्तज़ार तब तक रहे , जब तक लौटें राम ।

घर लौटे विश्वास यों पूरा कर वनवास,

निर्वासित ना हो कभी वैदेही सी आस ।

घर-आँगन ही क्यों रहें , बाहर भी हो स्वच्छ ।

राम-राज्य साकेत-मन ,हर निर्णय निष्पक्ष ।

दीपावलियों में कहाँ ,टिके अमावस रात 

उजियारे की चाह में , कोई तो है बात ।

मन दीपक जलता रहे ,करे तिमिर का नाश।
यों घर में दीपावली ,रहे बारहों मास ।

दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं 






( चित्र गूगल से साभार )

बुधवार, 15 अक्टूबर 2014

जोड़ते हम रहे....

उम्रभर शूल पथ के हटाते रहे ।
खाइयाँ पूरते  और पटाते रहे ।

जीत लेंगे भरोसा कभी ना कभी
इस भरोसे में खुद को मिटाते रहे ।.

था ये मालूम ,तूफां उजाड़ेगा घर ,
फिर भी जीने का सामां जुटाते रहे ।

आज देंगे वही कल मिलेगा हमें ,
बस यही मान सब कुछ लुटाते रहे   ।

उनको लहरों का अन्दाज़ होगा नही ।
नाम तट पर  तभी तो लिखाते रहे ।

एक उत्तर भी आता तो कैसे भला ,
जोड़ते हम रहे , वो घटाते रहे ।

चाँद सा जगमगाने की चाहत तो थी,
पर अँधेरों से ही मात खाते रहे ।

(सन् 2002में रचित )
    

शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2014

"राम राम !...खोलो रानी चन्दन किवाड़ ..."



" दशहरा ..विजय-दशमी . शौर्य ,युद्ध और विजय का प्रतीक-पर्व, जिसके पीछे कितनी कथाएं ,कितनी जनश्रुतियाँ छिपी हुई हैं .देवी दुर्गा द्वारा महिषासुर पर विजय और उसका वध, राजा रघु की कुबेर पर विजय , राम की रावण पर विजय .पराजित कुबेर ने उपहार स्वरूप राजा रघु के लिये अपना खजाना खोल दिया और राजा रघु ने प्राप्त सारा धन प्रजा में बाँट दिया . उसी याद में कहीं कहीं स्वर्ण-स्वरूप शमी के पत्ते लुटाए जाते हैं . इसी दिन राम ने रावण का अन्त कर एक अनाचार का अन्त किया था .दशहरा न्याय और सत्य की जीत का त्यौहार है . बुराई पर अच्छाई की विजय का त्यौहार है . वचन-पालन और दानशीलता का त्यौहार है......'
यह सब मैंने तीसरी-चौथी कक्षा में ही पढ़ लिया था .गाँव में हर साल दशहरे की सुबह लोगों को उत्साह से अपने ट्रैक्टर, जीप ,मोटर साइकिल ,साइकिल ,औजार ,मशीन और वाहनों को साफ करते देखती थी तो मन उल्लास से भर जाता था . हमारे घर भी काकाजी अपनी साइकिल की और माँ अपनी सिलाई मशीन की सफाई करती थी . जिनके पास बन्दूकें थीं वे बड़े गर्व से अपनी 'दोनाली' ,'पँचफैरा' और 'मौजर' निकालकर साफ करते थे . और साफ करने के बाद एक दो फायर भी कर देते थे . क्योंकि इसी दिन से बच्चों को पटाखे चलाने का लायसेन्स मिल जाता था . सो सभी बच्चे बड़ी आतुरता से दशहरे की प्रतीक्षा करते थे .
दशहरे की प्रतीक्षा मुझे भी रहती थी लेकिन प्रतीक्षा के कारण दूसरे थे . एक तो यही था कि बीस-पच्चीस दिन स्कूल जाने का कोई झंझट नहीं था . उन दिनों स्कूलों में दशहरा से दीपावली तक अवकाश हुआ करता था . हम लोग सुबह सुबह स्कूल जाने की बजाय खेतों की मेड़ पर ओस भीगी घास पर चल सकते थे .पूरब के क्षितिज पर सूरज को उभरता हुआ देख सकते थे . नदी किनारे दूर दूर तक कास के झूमते फूलों को देख सकते थे जो हवा और लहरों की गति से ताल मिलाकर लहराते हुए लगते थे .उन्ही दिनों गन्ने के खेत से आती हुई मीठी खुशबू भी ललचाती थी . तोरई और कद्दू की बेलों में चमकते बड़े बड़े पीले फूल बहुत लुभाते थे . मिट्टी में दबे शकरकन्द और मूँगफलियों को जमीन से बाहर निकाल लेने का भी वही मौसम होता है .और मोरों के पंख गिराने का भी . पाँख (मोरपंख) ढूँढ़ने लड़के मुँह अँधेरे ही निकल पड़ते थे . हमें भी जब कभी कभी 'चंदक' मिल जाता था तो वह एक उपलब्धि हुआ करती थी .
दशहरे की प्रतीक्षा का दूसरा और सबसे बड़ा कारण दशहरे की बहुत ही उल्लासमय शाम थी जब दूधिया चाँदनी के रुपहले विस्तार में सारा गाँव एक परिवार जैसा लगता था . लोग द्वार द्वार पर जाते परस्पर मिलते .राम राम कहते और नारियल बताशे की भेंट ग्रहण करते . दसमीं का तिर्यक चाँद पन्त जी की 'घूँघट से मुँह छुपाए मुग्धा' की याद दिलाता था . उसे पूरा गोल होने में अभी भले ही चार-पाँच दिन बाकी होते पर गाँव की गलियाँ चाँदनी की झील में नहाकर निखर जातीं थीं । तब चाँदनी शायद ज्यादा चमकीली ,ठण्डी और मोहक हुआ करती थी ।
जब चाँदनी अपने पूरे सौन्दर्य के साथ झमकती हुई पेड़ों और मुँडेरों से उतरती हुई आहिस्ता से चबूतरों पर और फिर गलियों में बिखरने लगती तब लोग दरी बिछाकर ,थालियों में नारियल के टुकड़े , मिश्री ,बतासे ,लोंग इलायची सजाकर अपने अपने द्वार पर बैठ जाते थे और मिलने आने वाले लोगों को राम राम कहकर नारियल बतासे आदि देते थे । लगभग रात के एक बजे तक , जब तक कि नींद पलकों पर मनों वजन नही लाद देती और हर चौथे पल जम्हाँइयों (उबासियों) के कारण लोगों के चेहरे विकृत नही होने लगते ,तब तक गली में राम राम का सिलसिला चलता रहता और गलियों में मंगलवारी हाट जैसा माहौल बना रहता था लेकिन स्नेह और उल्लास भरा... हमारे चबूतरा पर काकाजी बैठते थे फिर जब वे 'राम राम' के लिये गाँव में निकलते तब माँ 'राम-राम ' के लिये चबूतरा पर बैठ जातीं थीं ।
उस रुपहली रात में बच्चे खास तौर पर उत्साहित रहते थे । उन्हें उन्मुक्त होकर उजली गलियों में घूमते हुए ज्यादा से ज्यादा 'चटक' या 'खुरैरी' ( स्थानीय बोली में नारियल के टुकड़े )और बतासे पाने का सुनहरा मौका जो मिलता था ।
उसी समय हाथों में टेसू लिये लड़कों की टोली भी द्वार पर आ धमकती और गा उठती थी---
"टेसू आए घर के द्वार
खोलो रानी चन्दन किवार
चन्द चन्द के टके बनाए
एक टके की पन्नी मँगाई ....।"
या
"मेरा टेसू यहीं अड़ा
खाने माँगे दही बड़ा ।
दही बड़ा में पन्नी
धर दो एक अठन्नी ।"
दशहरा के दिन से प्रारंभ हुआ टेसू और झाँझी के जुलूस पूर्णिमा तक गलियों में धूम मचाए रहता . पूर्णिमा को दोनों का विवाह सम्पन्न कराया जाता . 
उन दिनों जब गाँव में बिजली नही थी ,चाँदनी रात किसी सौभाग्य से कम नही होती थी । एक तरफ कमरों में अँधेरे के साम्राज्य में प्राणपण से संघर्ष करती लालटेन या दिये की टिमटिमाती रोशनी थी तो बाहर अँधेरे को सुदूर कोने में खदेड़ने वाले ,रुपहले उजाले के अजस्र स्रोत---चन्द्रदेव । मनुष्य ही क्या पेड़-पौधे भी उनके साक्षात्कार का उत्सव मनाते थे ।
साधन-हीनता विषाद का मूल नही होती । विषाद के मूल में होता है साधनहीनता का अहसास जिससे तब किसी का परिचय था ही नही । उस साधनहीन सम्पन्नता का एक अलग आनन्द था । मेरा विचार है कि प्रकृति के हर उपादान में ईश्वर की स्थापना मनुष्य ने भौतिक साधनों के अभाव में ही की होगी .
दशहरे की वह रात अनौखी हुआ करती थी . कोई छोटा-बड़ा या अमीर-गरीब नही । सब सबके दरवाजे पर जाकर अभिवादन में राम राम कहते हाथ जोड़ते हैं . अंजुरी आगे बढ़ाते हैं और दूसरे ही पल अंजुरी नारियल बतासों से भरी होती है ।
आज किसी को रावण याद नहीं . याद होगा भी क्यों  वह तो वीर पुरुषोत्तम राम के हाथों मारा जा  चुका है . सब केवल राम को याद कर रहे हैं । राम की विजय का उत्सव मना रहे हैं . गलियाँ राम राम ध्वनि से गूँज रही हैं । साहस ,शौर्य और शील के पर्याय राम के स्मरण से  .ऐसे में रावण का क्या काम ? जहाँ 'राम' हैं वहाँ 'रावण' नहीं होसकता . होगा भी तो वह राम के हाथों मारा जाएगा जरूरी है राम का होना .                         
सचमुच मुझे याद नही कि तब दूर दूर तक भी धोखा ,बेईमानी, हत्या , बलात्कार जैसे अपराध का कोई किस्सा सुना गया हो ।
रावण-दहन केवल रामलीला के दौरान होता था . मैंने कहीं पढ़ा है कि अच्छाई के प्रचार से अच्छाई बढ़ती है और बुराई के प्रचार से बुराई । रावण ( बुराई का प्रतीक) को याद करना एक तरह से बुराई को जीवित रखना ही तो है । हम रावण बनाते हैं इसलिये उसे जलाने का नाटक करते हैं . गन्दगी फैलती है तभी तो सफाई-अभियान की जरूरत होती है । शायद इसीलिये हमारे गाँव में रावण को जलाने की परम्परा कभी नही रही ( अब पता नही ) पहली बार मैंने रावण जलाने का दृश्य एक फिल्म में देखा था ( शायद रेशम की डोरी) .वास्तव में  मेरे लिये दशहरा 'रावण 'के अन्त से अधिक 'राम' की विजय का पर्व है .राम का स्मरण करने और नारियल-बतासे लेने देने का पर्व है ।

इसलिये आप सभी अपनों को दशहरा की राम राम और नारियल-बतासे की सादर , सस्नेह भेंट ।

गुरुवार, 2 अक्टूबर 2014

दोराहे ऐसे भी होते हैं ।

आजकल दुर्गाजी की झाँकियों से हर सडक ,चौराहा व गली जगमगा रही है । मधुर ,कर्णकटु ,भक्तिमय और फूहड सभी तरह के भजनों से हर दिशा संगीतमय (कोलाहलमय) है ।


बात कुछ यों हुई कि अंजना (छोटी बहन) ने शाम को अपने घर बुलाया । भजनों का कार्यक्रम था । जैसा कि नवरात्रि में अधिकतर होता है । उसके घर में प्रति वर्ष नवरात्रि में देवी की स्थापना होती है । 
मैंने उल्लासपूर्वक हाँ कहदी । हालांकि स्कूल के बाद ऐसे किसी कार्यक्रम में जाने का हौसला नही रह जाता ,पर जाने कबसे गीत-भजन गाए ,सुने नही थे । उसने रमा और सुधा ( मौसेरी बहनें) को भी फोन कर दिया था । रमा मेरे पडोस में ही है । सुधा कुछ दूर सेवा नगर में । अंजना हम तीनों से अलग न्यू- कालोनी में । 
सुधा के बिना हमारी मण्डली अधूरी है । वह जब ढोलक पर थाप देती है सुनने वाले वाह कहने विवश होजाते हैं । खराब गीत भी उसकी ताल के साथ समा बाँध देता है । इसीलिये वह भजन-मण्डली में विशेष सम्मान और स्थान पाकर हम सबसे आगे है । 
मैं उसके बिना भजन गाने का मन नही बना पाती । मेरी आवाज वैसे ही बहुत मन्द और दुर्बल सी है पर एक-दो गीत तो मुझे गाने ही पडते हैं । इसलिये जहाँ भी भजन कार्यक्रम होता है मैं सुधा को आगे रखती हूँ । अंजना नए-पुराने बहुत सारे भजनों को कंठस्थ रखने के लिये याद की जाती है । जबकि मैं जहाँ देखो डायरी लिये फिरती हूँ । अपने लिखे भजन या कविताएं ही मुझे याद नही ।  
मैंने तय किया कि मैं किलागेट (घर) आने की बजाय शाम को स्कूल से सीधी न्यूकालोनी पहुँच जाऊंगी और रमा-सुधा वहीं जाकर मिल जाएंगी । चारों बहनें मिलकर खूब आनन्दित होंगी ।
लेकिन स्कूल से निकलते समय तेज वर्षा हो रही थी । मुझे तय किया कार्यक्रम रद्द होता हुआ लगा । फोन करने पर पता चला कि रमा की तबियत भी कुछ खराब होगई है । वह न जा सकेगी । रमा नही तो सुधा भी नही । गजब का तालमेल है दोनों में । रह गई मैं अकेली  जैसा कि अक्सर होता है । ऐसे मैं जैसे एक दोराहे पर खड़ी रह जाती हूँ । इधर जाऊँ या उधर जाऊं के दो छोर जैसे किन्ही अनजान हाथों में होते हैं । मैं कुण्ठित सी उस भँवर से चाहकर भी बाहर नही आ पाती । 
अंजना के घर जाऊँ या न जाऊँ --  मैं इसी ऊहापोह में डूबी खड़ी थी कि बगल में किलागेट वाला टेम्पो आ खड़ा हुआ । जबकि न्यू कॉलोनी के लिये मुझे हजीरा वाला टेम्पो लेना था । 
"चलो ,छोड़ो , घर चलते हैं ।"--मैंने स्वयं को मुक्त करते हुए सोचा---"हल्की बारिश तो अब भी हो रही है । साथ में पानी की बोतल, छतरी, किताबें और दिनभर की ड्यूटी के बाद थकान भी । यहाँ गाँव या अपना घर तो है नही कि जैसी भी हालत में हो पहुँच जाओ । बहन की ससुराल है । हुलिया का कुछ ध्यान तो रखना चाहिये और फिर ऐसा कौनसा अनिवार्य है पहुँचना । नवरात्रि के भजनों का ही तो कार्यक्रम है । अंजना से फिर किसी दिन ऐसे ही मिल आऊँगी ।"
उधर टेम्पो ड्राइवर ,जो रोज आने जाने के कारण जानता है ,बोला---"मैडम चलना हो तो जल्दी बैठो । अभी जाम लगजाएगा ।"
सोचने का इतना टाइम नही था । मैं लपककर टेम्पो में चढ़ गई । वैसे भी मुझे स्कूल से सीधे घर आने की ऐसी भयंकर आदत पडी हुई है कि अक्सर घर में घुसने पर याद आता है कि अरे चाय बनाने के लिये शक्कर नही है या कि और कई जरूरी चीजें, लेकिन घर आने के बाद जो कपड़े बदल लिये तो फिर जरूरतें पड़ी रहें एक तरफ । कौन फिर से दूसरे कपड़े पहने !कौन बाजार जाए ! 
सुनीता (कामवाली) जब कई दिनों तक झाडू टूटने या बर्तन का साबुन खत्म होने की शिकायत करते करते और मेरी ," आज भूल गई कल ले आऊँगी", सुनते-सुनते थक जाती है ,तो वह खुद ही खरीद लाती है और पैसे माँग लेती है । खैर...
लेकिन अब मुश्किल यह हुई कि इधर तो मेरा टेम्पो में बैठना हुआ और उधर दिल--दिमाग में यह खयाल बुरी तरह उछल-कूद करने लगा कि अंजना मेरा इन्तजार कर रही होगी । ससुराल के माहौल में मुझे साथ पाकर उसे कितनी खुशी होगी । फिर यह बारिश कौनसी मुसीबत है ! सर्दियाँ होतीं तो फिर भी मुश्किल होती । अभी तो सितम्बर हैं । ये मन की बहानेबाजियाँ ही तो है जो मुझे अक्सर अवसरों से वंचित कर देतीं है । मुझे अंजना के पास जाना चाहिये । वहाँ भी सब कुछ घर जैसा ही तो है । उसकी सास ननदें मुझे कितना मान देतीं हैं ! देखते ही खुश होजातीं हैं । रोज-रोज तो ऐसे बुलावे आते नही है । घर भी अभी ऐसा कौनसा अर्जेन्ट काम पडा है ! 
बस अब मुझे टेम्पो में बैठे रहना मुश्किल लगने लगा । लगने लगा क्या मुश्किल हो ही गया ।
"भैया जरा रोकना ।"-- मैंने ड्राइवर को कहा । वह परिचित था सो कुछ हैरान सा बोला ---"क्यों मैडम चलना नही है ?" मैंने बात बनाई--
"नही भाई कुछ काम याद आगया है । देर से जाऊँगी ।" टेम्पो तीन-चार सौ मीटर दूर ही चला कि मैं उतर पडी ।  
हजीरा और किलागेट की सडक का अलगाव आगे जाकर फूलबाग चौराहे पर होता है जहाँ से एक सडक किलागेट बाईं ओर मुड जाती है । हजीरा के लिये सड़क सीधी जाकर पड़ाव चौराहे से बाई ओर मुड़ती हैं । मैं फूलबाग भी उतर सकती थी लेकिन इतना सब्र कहाँ ! 
अब मैं शिन्दे की छावनी पर खड़ी हजीरा के टेम्पो का इन्तजार कर रही थी ।पाँच बजे सभी टेम्पो इस तरह भरे चलते हैं मानो लोग किसी मेला के लिये जारहे हों । ठसाठस भरे वाहन चिढ़ाते हुए से सर्राटे से निकल रहे थे । जो ड्राइवर सवारियों को पुकार-पुकार कर बुलाते हैं वे अब देख भी नही रहे थे । मुझे अपने आप पर गुस्सा आया । गाड़ी चलाना जानती तो इस तरह आश्रित नही रहती । पेजर पर एक-दोबार कोशिश की थी । चला भी ली थी। साइकिल तो बचपन में चलाती ही थी । पर अब सबको यह डर रहता है कि मैं गाड़ी चलाऊंगी तो हाथ-पाँव तोड़ लूँगी । मुझे गाड़ी चलाने की अनुमति नही है । अब तो मेरा भी विश्वास कमजोर होचुका है । ऑटो की अपनी मुश्किलें हैं । कभी बहुत देर से आए तो कभी समय से पहले ही आ खड़ा हो । पूरी तरह उसी के आश्रित । रोज अलग से तय करो तो एक ही दिन में सौ रुपए तो समझ ही लो । बात कंजूसी की कम नजरिये की अधिक है । जब आठ या दस रुपए में काम चलता हो तो पचास रुपए क्यों खर्च किये जाएं ?
इससे तो अच्छा है कि वे रुपए सुनीता के बच्चों को दे दिये जाएं । इसलिये  अभीतक टेम्पो ही अपना आने जाने का साधन बना हुआ है । 
तकरीबन पन्द्रह मिनट इसी तरह खड़ी रही । कोई भी समझ सकता है कि वे पन्द्गह मिनट किस तरह पन्द्रह दिनों जितने बड़े और बोझिल होगए थे । पछता रही थी कि आखिर अच्छा भला टेम्पो छोड़ दिया । ऐसी बड़ी भजनों की पड़ी थी कि अब बीच में खड़ी हूँ फालतू ही । 
हाल यह था कि जहाँ के लिये भी साधन पहले मिलता मैं जाने तैयार थी । तभी संयोग से किलागेट वाला ही एक खाली टेम्पो सामने आकर रुका । वह भी रोज का परिचित ड्राइवर । आग्रह पूर्वक बोला --"आइये मैडम ।"
मुझे लगा जैसे संकट की घड़ी में कोई अपना आगया ।
वैसे भी किसी टेम्पो में इस तरह खाली सीट अभी आधे घण्टे तक मिलने वाली नही थी । मैं हजीरा जाने का विचार छोड़ फिर किलागेट के लिये बैठ गई । लगा कि एक झंझट से बच गई हूँ । क्या पता गुड्डी के यहाँ कितनी देर लगती । घर लौटने तक खूब अँधेरा होजाता । फिर दूसरे तमाम काम भी उतने ही लेट होते । आज कोई छूटा हुआ काम पूरा कर लूँगी । वगैरा...वगैरा..।
लेकिन रास्ते भर मैं फिर यही सोचती रही कि गुड्डी मेरा कितना इन्तजार कर रही होगी । कितना बुरा लगेगा उसे । काश मैं मन पक्का करके चली जाती । चली ही जाती न ? 

शनिवार, 27 सितंबर 2014

विपक्ष-धर्म

मुद्दा सच्चा हो या झूठा , 
हम तो सिर्फ विरोध करेंगे ।
वो जैसी भी राह बनाएं ,
हम तो सिर्फ विरोेध करेंगे ।

वामपक्ष हम  
उल्टा चलना धर्म हमारा ।
चिनगारी को ज्वाल बनाना
कर्म हमारा ।
समतल राह न होने देंगे । 
राहों में गतिरोध बनेंगे।

हंगामा , हड़ताल, 
और आरोपों की बौछारें 
चक्का-जाम ,रैलियाँ ,
पुतला--दहन और फटकारें ।
सत्तासीनों को लुढ़काओ
जनता से अनुरोध करेंगे ।

कैसे भूल सकेंगे ,जब थी 
हाथ हमारे सत्ता।
अपनी ही थी हर बाजी  
हर चाल तुरुप का पत्ता ।
फिर से कैसे वह सब पाएं, 
जैसे भी हो शोध करेंगे ।

जनता को जतलाएंगे 
उससे चुनाव में भूल हुई है।
सर्दी गर्मी प्याज टमाटर 
भडकाने को तूल कई हैं।
जनता ने धोखा खाया है 
जनता में यह बोध भरेंगे ।

देश भाड़ में जाए चाहे 
कोई लूटे खाए।
चर्चाओं में छाए रहना , 
केवल हमको भाए। 
सक्रिय रहें सत्ता पाने तक 
खुद को यों संबोध करेंगे ।